विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस परिसर में हुआ वृक्षारोपण
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान 2.0 के तहत कलेक्टर, एसपी एवं डीएफओ ने लगाए पौधे

- विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस परिसर में हुआ वृक्षारोपण
- “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान 2.0 के तहत कलेक्टर, एसपी एवं डीएफओ ने लगाए पौधे
- दतिया जिला मुख्यालय

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश देते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान 2.0 के अंतर्गत पुलिस परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल एवं वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) मोहम्मद माज ने पौधारोपण कर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया साथ में रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी और रेंजर शैलेंद्र गुर्जर भी मौजूद रहे

अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस दौरान पुलिस विभाग, वन विभाग तथा प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भागीदारी निभाई।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अधिकारियों ने भीषण गर्मी में पक्षियों के संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में रखे सकोरों में पानी एवं दाना डाला। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल स्रोत सूखने से पक्षियों को भोजन और पानी की कमी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अपने घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करनी चाहिए।
कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक हो गया है। पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने कहा कि वृक्ष प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा हमें शुद्ध वायु, छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
वन मंडलाधिकारी मोहम्मद माज ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और मातृत्व सम्मान का प्रतीक है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अधिक से अधिक वृक्षारोपण को प्रोत्साहित कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा जिले को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। साथ ही नागरिकों से गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए पानी एवं दाने की व्यवस्था कर जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने का आग्रह किया गया
अनुराग सिंह



