पत्नी के दबाव और नशे की लत में उलझे बेटे ने नुकीले पत्थर से की हत्या
जमीन नाम नहीं की तो बेटे ने मां को कुचल डाला, डेढ़ साल के मासूम से उठा मां–दादी का साया, दतिया में रिश्तों का खौफनाक अंत

जमीन नाम नहीं की तो बेटे ने मां को कुचल डाला, डेढ़ साल के मासूम से उठा मां–दादी का साया, दतिया में रिश्तों का खौफनाक अंत
पत्नी के दबाव और नशे की लत में उलझे बेटे ने नुकीले पत्थर से की हत्या, घर में बंद रहा मासूम, बाहर घूमता रहा आरोपी
मध्यप्रदेश के दतिया जिले में रिश्तो को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिगना थाना क्षेत्र के गांव विजयपुर में एक 29 वर्षीय बेटे ने अपनी ही मां की नुकीले पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। वजह बताई जा रही है। पत्नी के दबाव में मां से जमीन अपने नाम कराने को लेकर हुआ विवाद। इस जघन्य हत्या ने न सिर्फ एक महिला की जान ली, बल्कि डेढ़ साल के मासूम बच्चे से उसकी मां और दादी दोनों का साया छीन लिया।

”
घटना बीते बुधवार रात की बताई जा रही है। मृतिका की पहचान मिथिला पाल (50) पत्नी महेश पाल निवासी विजयपुर के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उनके छोटे बेटे अरविंद पाल पर है, जिसे पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गांव के बाहर मेन रोड से हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
घर के अंदर लहूलुहान मां, बाहर ताला और रोता रहा मासूम
घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब रात करीब 8 बजे मृतिका का भतीजा सुरेंद्र पाल दतिया से मजदूरी कर गांव लौटा। उसने घर के अंदर से एक बच्चे के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनी। बाहर आरोपी अरविंद खड़ा था। जब उससे बच्चे के रोने का कारण पूछा गया तो वह गोलमोल जवाब देने लगा। घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। संदेह होने पर सुरेंद्र ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो खून से सनी हालत में मिथिला पाल का शव पड़ा था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पकड़ लिया गया।
पत्नी का दबाव, जमीन का विवाद और हत्या
पुलिस के मुताबिक आरोपी अरविंद की दो शादियां हो चुकी हैं। पहली पत्नी करीब छह साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद दूसरी शादी हुई, जिससे उसका डेढ़ साल का बेटा है। दूसरी पत्नी भी करीब 20 दिन पहले घर छोड़कर मायके गई थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्नी का कहना था कि जब तक मां के नाम की जमीन उनके नाम नहीं की जाएगी, वह साथ नहीं रहेगी। इसी बात को लेकर अरविंद और उसकी मां मिथिला पाल के बीच विवाद हुआ, जो रात में खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में आरोपी ने नुकीले पत्थर से मां पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
नशे का आदी, बड़ा बेटा जेल में
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी अरविंद नशे का आदी है और अक्सर घर में विवाद करता था। मृतिका का बड़ा बेटा धर्मेंद्र पाल फिलहाल झांसी जेल में बंद है, जिस पर लूट और चोरी जैसे गंभीर आरोप हैं। परिवार पहले से ही सामाजिक और पारिवारिक संकटों से घिरा हुआ था, जो इस खौफनाक वारदात के साथ चरम पर पहुंच गया।
पुलिस जांच में जुटी
बड़ौनी एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में जमीन के विवाद और पत्नी के दबाव की बात सामने आई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हत्या में प्रयुक्त पत्थर समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अनुराग सिंह



